हिमाचल प्रदेश की पुलिस ने डिफेंस कॉलोनी के सामने स्थित मेडिकल स्टोर पर शनिवार दोपहर छापा मारा। इस दौरान वहां से प्रतिबंधित दर्द निवारक दवा के 3500 कैप्सूल सील कर दिए। ये कैप्सूल नशे के लिए प्रयोग किए जाते हैं। वहीं पुलिस स्टोर संचालक को अपने साथ ले गई। उधर, कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों ने गंगानगर थाने पर हंगामा किया।
गंगानगर सी ब्लॉकनिवासी नितिन जौहरी का डिफेंस कॉलोनी के सामने वर्निका मेडिकोज के नाम से मेडिकल स्टोर है। शनिवार दोपहर दो बजे हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नूरपुर थाने की पुलिस ने मेरठ के ड्रग इंस्पेक्टर संदीप चौधरी के साथ स्टोर पर छापा मारा। पुलिस ने मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित 3500 कैप्सूल बरामद किए। वहीं पुलिस स्टोर संचालक नितिन जौहरी और उसके रिश्तेदार विपिन को हिरासत में लेकर गंगानगर थाने ले गई।
इसके बाद आसपास के व्यापारी गंगानगर थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे। एसआई मनोहरलाल बताया कि नूरपुर थाने में कुछ दिन पहले प्रतिबंधित दवा बेचने पर कुछ मेडिकल स्टोर संचालकों पर मुकदमा हुआ था। पूछताछ में स्टोर संचालकों ने बताया कि मेरठ के गंगानगर में वर्निका स्टोर संचालक नितिन और विपिन उन्हें काफी समय से प्रतिबंधित दवा सप्लाई कर रहे हैं, जिसके बाद छापेमारी की गई। वहीं गंगानगर इंस्पेक्टर राजेश भारती ने बताया कि हिमाचल पुलिस नितिन को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई, जबकि विपिन को गंगानगर थाने पर ही छोड़ दिया। ड्रग इंस्पेक्टर संदीप चौधरी ने बताया कि वर्निका मेडिकोज से प्रतिबंधित दर्द निवारक 3500 कैप्सूल जब्त किए हैं। लोग इसे नशे के रूप में प्रयोग करते हैं। छानबीन मे पता चला कि नितिन ने ये कैप्सूल खैरनगर से लिए थे। जांच के लिए दो कैप्सूल को नमूने के रूप में रख लिया है।
मोटा मुनाफा कमाया
व्यापारियों ने बताया कि नितिन ने दो वर्ष पूर्व वर्निका मेडिकोज के नाम से स्टोर खोला था। वहीं गढ़ रोड वैशाली कॉलोनी निवासी रिश्तेदार विपिन को करीब बीस दिन पूर्व ही डिफेंस कॉलोनी के सामने मेडिकल स्टोर खुलवाया था। व्यापारियों की मानें तो कुछ ही वर्षाें में नितिन और विपिन ने काफी मोटा मुनाफा कमाया।