लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में पानी की पाइप लाइन फटने से ऑपरेशन बंद करने पड़े। इससे मरीजों को काफी परेशानी हुई। बाहर से पानी मंगवाकर इमरजेंसी केस वाले कुछ ऑपरेशन किए गए। पिछले 20 दिनों में तीसरी बार पाइप लाइन फटी है। शिकायत के बाद भी मेडिकल कॉलेज प्रशासन स्थाई समाधान नहीं कर पा रहा है।
मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के लिए मरीजों को लंबी वेटिंग दी जाती है। महीनों इंतजार करने के बाद उनका नंबर आता है। लेकिन उसमें भी व्यवस्था खराब होने की वजह से मरीजों को चक्कर काटने पड़ते हैं। बुधवार सुबह पीछे की तरफ पार्किंग में पानी भरा था, चिकित्सक व अन्य स्टाफ पार्किंग के बाहर ही वाहनों को खड़े करके अपनी ओटी तक पहुंचना पड़ा। सुबह आठ बजे से पहले ही मरीज अपने तीमारदारों के साथ ओटी के बाहर ऑपरेशन के इंतजार में खड़े हो गए। चिकित्सक ओटी पहुंचे तो पता चला कि पानी ही नहीं आ रहा है। दरअसल हर ऑपरेशन से पहले चिकित्सक को हाथ धोने से लेकर ऑपरेशन से जुड़े इक्यूवमेंट को गर्म पानी में डिस्टेलाइज (उबालना) किया जाता है। अब पानी न होने के कारण ऑपरेशन रोकने पड़े। ओटी स्टॉफ ने सीएमएस डॉ. विभु साहनी से शिकायत भी की। सीएमएस ने बताया है कि लाइन को रिपेयर करने का काम चल रहा है। बुधवार सुबह ओटी के लिए लाइन को खोला गया था, लेकिन फिर से लीकेज हो गया। जिस कारण पानी की सप्लाई बंद करनी पड़ी। एक-दो दिन और दिक्कत हो सकती है।