लावड़ - सेमीफाइनल में जीत के बाद मीडिया इलेवन के खिलाड़ी खुशी मनाते। स्रोत : संवाद
- रोमांचक सेमीफाइनल में 10 रन से दर्ज की जीत, गुड्डू बने मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
लावड़। चिंदौड़ी मार्ग स्थित नेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे सद्भावना क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें मीडिया इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डॉक्टर्स क्लब को 10 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला आखिरी ओवर तक रोमांचक बना रहा।
कप्तान आजम रिजवी के नेतृत्व में मैदान पर उतरी मीडिया इलेवन ने टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए। टीम की ओर से जरार ने 25 गेंदों में 28 रन और साकिब ने 21 गेंदों में 25 रन की उपयोगी पारी खेली। अमित चौधरी ने 14 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाए, जबकि अभिलाष ने 16 गेंदों में 15 रन का योगदान दिया।
165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डॉक्टर्स क्लब की टीम ने भी कड़ा संघर्ष किया। डॉ. जिशान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों में 67 रन बनाए और टीम को जीत दिलाने का प्रयास किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज लक्ष्य तक नहीं पहुंच सके। डॉक्टर्स क्लब की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 154 रन ही बना सकी। इस तरह मीडिया इलेवन ने 10 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली। मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले मीडिया इलेवन के खिलाड़ी गुड्डू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।