संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए साउथ एशिया जू-जित्सु चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया। इन खिलाड़ियों का शुक्रवार को सम्मान किया गया। खिलाड़ियों ने तकनीकी दक्षता और अटूट आत्मविश्वास के दम पर कई पदक हासिल किए।
श्रीलंका के डिगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 10 से 12 अप्रैल तक आयोजित प्रतियोगिता में भारत के साथ पाकिस्तान, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और मेजबान श्रीलंका के खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मेरठ के खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित करते हुए भारत की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। प्रतियोगिता में हर्षिता ने वाज़ा में रजत पदक, अकदस सैफी ने वाज़ा में रजत पदक, अनमोल पंवार ने वाज़ा एवं फाइटिंग सिस्टम में कांस्य पदक, हर्षिता ने फाइटिंग सिस्टम में कांस्य पदक, आर्यन कुमार ने वाज़ा में कांस्य पदक जीता। इस मौके पर जू-जित्सु एसोसिएशन ऑफ मेरठ के अध्यक्ष शिहान सिराज अहमद, शिहान पवन सिरोही आदि ने शुक्रवार को खिलाड़ियों को सम्मानित किया।