बसपा नेता दारा सिंह प्रजापति ने बुधवार को एमडीए की टीम द्वारा कार्रवाई करने की जानकारी मिलते ही यूट्यूब व फेसबुक आदि सोशल मीडिया के माध्यम से प्रजापति समाज के अपने समर्थकों की भीड़ को भड़काया और एमडीए की टीम को बैरंग लौटने पर मजबूर कर दिया था। दारा सिंह प्रजापति ने कॉलोनी काटने से इंकार करते हुए यह कहकर गुमराह किया था कि वह कॉलोनी नहीं काट रहे हैं बल्कि गऊशाला बना रहे हैं।
वहीं विरोध से सबक लेकर मेडा की टीम ने बसपा नेता दारा सिंह प्रजापति और उनके समर्थकों को बृहस्पतिवार की सुबह जागने का तक मौका नहीं दिया और सुबह 8:30 बजे कॉलोनी में धावा बोल दिया। सीओ सदर देहात देवेश कुमार, एसडीएम सदर देहात व भारी पुलिस बल के साथ एमडीए की टीम दारा सिंह प्रजापति की अवैध निमार्णाधीन कॉलोनी देवलोक रेजिडेंसी में पहुंची। पांच बुलडोजरों ने देखते ही देखते कॉलोनी को तीन घंटे में पूरी तरह से ध्वस्त कर जमींदोज कर दिया।
चलता रहेगा अभियान
एमडीए के जोनल अधिकारी अर्पित यादव ने कहा कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ शासन ने सख्त रणनीति अपना रखी है। ऐसे में लगातार अभियान चलता रहेगा। जेई मनोज सिसौदिया, उमाशंकर, सर्वेश गुप्ता, नरेश शर्मा, महादेव शरण, संजीव तिवारी, संजय वशिष्ठ, सोमेंद्र चौहान, ओमपाल यादव एवं अरुण शर्मा आदि मौजूद रहे।
बसपा नेता दारा सिंह प्रजापति ने बताया कि एमडीए की टीम ने चोरी चुपके आकर कॉलोनी में तोड़फोड़ की है। अब विधिक कार्रवाई के साथ आगे बढ़ेंगे।
दुल्हैड़ा चौहान में दो अवैध कॉलोनी ध्वस्त
पल्लवपुरम फेज-2 के पास गांव दुल्हैड़ा चौहान में सुरेश विनेश, रमेश कुमार व अनिल कुमार द्वारा 11000 वर्ग मीटर में और यहीं पर बालेश्वर, महावीर, धर्मपाल, राजपाल, अनुराग व संजय आदि द्वारा करीब 25000 वर्ग गज में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को भी ध्वस्त कर दिया गया है। जोनल अधिकारी वीके सोनकर, अवर अभियंता वेद प्रकाश अवस्थी समेत भारी संख्या में फोर्स मौजूद रहा।