सीओ बोले- होटल या दुकान बंद कराने का मामला उनकी जानकारी में नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। सावन में नॉनवेज होटल और मीट की दुकानें बंद कराए जाने से कारोबारियों की परेशानी बढ़ गई है। कांवड़ यात्रा के दौरान करीब 15 दिन तक कारोबार बंद रहने के बाद दुकानदारों ने प्रतिष्ठान खोलने की तैयारी की थी, लेकिन पुलिस ने मुख्य मार्गों पर स्थित नॉनवेज होटल और दुकानों को दोबारा बंद करा दिया। कारोबारियों का कहना है कि उन्हें पूरे सावन दुकानें बंद रखने की बात कही जा रही है। इससे उनके सामने परिवार के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पुलिस-प्रशासन ने कांवड़ मार्ग और मुख्य मार्गों पर स्थित नॉनवेज होटल व मीट की दुकानों को बंद करा दिया था। यात्रा संपन्न होने के बाद कारोबारियों ने प्रतिष्ठानों की सफाई कर काम शुरू करने की तैयारी की। शुक्रवार को कुछ कारोबारियों ने दुकानें और होटल खोलने का प्रयास किया तो पुलिस मौके पर पहुंची और प्रतिष्ठान बंद करा दिए। कारोबारियों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने पूरे सावन नॉनवेज होटल और मीट की दुकानें बंद रखने की बात कही।
पुलिस की कार्रवाई से परेशान कुछ कारोबारी समस्या लेकर थाने पहुंचे। थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्य मार्ग पर स्थित नॉनवेज होटल और दुकानों को बंद कराया गया है। गलियों में स्थित किसी दुकान या होटल को बंद नहीं कराया गया।
क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि नॉनवेज होटल और मीट की दुकानों को बंद कराने संबंधी कोई शासनादेश उनकी जानकारी में नहीं है। होटल या दुकान बंद कराने का मामला भी उनकी जानकारी में नहीं है।