मेरठ। आपरेशन कायाकल्प के तहत एमडीए ग्रामीण विकास निधि से 13 गांवों के विद्यालयों का जीर्णोद्धार कराने जा रहा है। एमडीए 2.40 लाख रुपये प्रति स्कूल के हिसाब से धनराशि खर्च करेगा। इसके बाबत बेसिक शिक्षा अधिकारी से विद्यालयों की सूची मांगी गई है।
ग्रामीण विकास निधि के तहत एमडीए ने गांवों के स्कूलों की कायाकल्प करने का फैसला लिया है। अफसरों ने तय किया है कि प्रत्येक विद्यालय के जीर्णोद्धार पर एमडीए 2.40 लाख रुपये खर्च करेगा। एमडीए ने बेसिक शिक्षा विभाग से विद्यालयों की सूची मांगी है। बेसिक शिक्षा विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार लोहिया नगर-एक, लोहिया नगर-दो, काजीपुर का कंपोजिट व प्राइमरी, कंचनपुर, रिठानी एक व रिठानी-दो, प्रभात नगर, पलैडा, नगला ताशी का कंपोजिट, कसेरू खेड़ा व बक्सर के विद्यालयों की सूची बनाई गई है, जो जल्द स्वीकृति के लिए एमडीए को भेज दी जाएगी। एमडीए उपाध्यक्ष अभिषेक पांडेय ने बताया कि ग्रामीण विकास निधि से गांवों के विद्यालयों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय पर 2.40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बीएसए से स्कूलों की सूची आते ही काम शुरू करवा दिया जाएगा। संवाद