मेरठ। कभी हां...कभी न के बाद आखिरकार शहर की चार सड़कें 20 साल की गारंटी के साथ बनाई जाएंगी। इन सड़कों के लिए व्हाइट टॉपिंग से सड़क तैयार करने के लिए डाला गया टेंडर बुधवार शाम खुल गया है। इसमें दो कंपनी (बीआर गोयल इंदौर और अनु एसोसिएट मेरठ) ने हिस्सा लिया है। 16.6 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण शुरू होगा।
गारंटी वाली व्हाइट टॉपिंग से शहर की सड़के बनाने का महापौर का सपना पूर करने पर निगम के अधिकारियों का ठुलमुल रवैया और ठेकेदारों का अड़ियल रवैया बाधा बन गया। पूरे पांच महीने टेंडर-टेंडर का खेल ही चलता रहा। तीन बार व्हाइट टॉपिंग सड़क का टेंडर नगर निगम ने डाला, जिसमें आवेदन करने वाली कंपनी शर्तो पर खरी नहीं उतरी और बार-बार टेंडर निरस्त हुए। अंत में महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने गोलाकुआं से भूमिया पुल (3.48 करोड़), दिल्ली रोड स्थित रेलवे रोड चौराहे से सिटी रेलवे स्टेशन(5.27 करोड़), दिल्ली रोड स्थित माधवपुरम हनुमान मंदिर से अंजुम पैलेस (6.36 करोड़) व उद्योगपुरम स्थित स्पोर्ट्स कांपलेक्स (95 लाख) की सड़क गारंटी वाली व्हाइट टॉपिंग से बनाने का प्रस्ताव निगम को भेजा था। दस दिन का समय देकर निगम ने ऑनलाइन टेंडर अपलोड किया था। बुधवार ऑनलाइन टेंडर खुला, जिसमें दो कंपनी ने हिस्सा लिया। मुख्य अभियंता नगर निगम देवेंद्र कुमार ने बताया कि अबकी बार एक कंपनी ने शर्तो को पूरा करते हुए अपने अनुभव दस्तावेज लगाए हैं। चौथी बार टेंडर हुआ है, जिसमें एक कंपनी भी मान्य होगी। बृहस्पतिवार को दस्तावेजों की पड़ताल होगी। जल्द ही इन सड़कों पर निर्माण शुरू कराएंगे।