कैंट विधानसभा क्षेत्र में सड़क का उद्घाटन करते महापौर हरिकांत अहलूवालिया
मेरठ। महानगर में शनिवार को महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने 10 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क-नालों का लोकार्पण कर दिया है। यह सभी कैंट विधानसभा क्षेत्र में बनने तय हुई हैं। उनका टेंडर भी निगम द्वारा हो चुका है। कैंट विधायक अमित अग्रवाल और स्थानीय पार्षद भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत कसेरुखेड़ा, कसेरुबक्सर और अब्दुल्लापुर क्षेत्र से हुई है। जहां लगभग 2.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने जा रहे तीन नालों का उद्घाटन किया गया। उक्त नालों के निर्माण से लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रही बड़ी आबादी को राहत मिलेगी। साथ ही राधा गार्डन क्षेत्र में सड़क निर्माण का भी लोकार्पण किया गया। इसके बाद महापौर ने यादगारपुर और नगला बट्टू में करीब 2 करोड़ की लागत से बनने वाले दो नालों का उद्घाटन किया। पांडव नगर और वार्ड 32 में बाउंड्री रोड के समीप दो नई सड़कों का निर्माण कार्य भी शुरू कराया गया।
वार्ड 52 मोहनपुरी क्षेत्र में असौड़ा हाउस और बेगमपुल (भारत माता चौक) के पास लगभग 3.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दो नालों व दो सड़क समेत अन्य कार्यों का शिलान्यास किया गया। स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों के लिए महापौर का आभार जताया। महापौर ने कहा कि महानगर के सर्वांगीण विकास के लिए 10 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की गई है और आने वाले समय में भी इसी प्रकार जनता के हित में कार्य कराए जाते रहेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षदों, मंडल अध्यक्ष भाजपा और क्षेत्रीय लोग भी मौजूद रहे है।