मवाना। पुलिस ने शनिवार शाम मोहल्ला कल्याण सिंह राजो वाला बाग स्थित एक मकान में अवैध रूप से बनाए जा रहे पटाखे बड़ी मात्रा में बरामद किए। पुलिस ने मौके से बना एवं अधबना माल बरामद किया है। वहीं, पटाखे बना रहीं छह महिला मजदूरों को भी हिरासत में लिया। हालांकि मालिक पुलिस के हाथ नहीं आ सका।
क्षेत्राधिकारी उदय प्रताप सिंह, थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा ने पुलिस फोर्स के साथ एक मकान में पटाखे बनाए जाने की सूचना पर मोहल्ला कल्याण सिंह राजो वाला बाग में छापा मारा। इस दौरान मकान के मुख्य द्वार पर ताला लगा था तथा अंदर पटाखे बनाए जाने का कार्य जारी था। किसी के ताला नहीं खोलने पर पुलिस उसे तोड़कर अंदर प्रवेश घुस गई।
पुलिस ने पाया कि मकान के अंदर छह महिलाएं पटाखे बना रही थीं। हालांकि छत पर काफी मात्रा में तैयार पटाखे सुखाए जा रहे थे। पुलिस ने काफी मात्रा में तैयार, अधबने तथा पटाखे बनाने का कच्चा माल बरामद किया है। हालांकि मालिक पुलिस के हाथ नहीं आ सका। पुलिस छह महिलाओं को हिरासत में लेकर तथा बरामद पटाखे टेंपो में लेकर थाने आ गई। थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा ने जानकारी दी कि मकान रिजवान का बताया है। उसके यहां लाइसेस धारक आरिफ का माल तैयार किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि आरिफ ने लाइसेंस के नवीनीकरण की प्रति थाने में जमा नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, महिला कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
बड़े कारोबारियों पर कार्रवाई नहीं
मवाना में इस धंधे से जुडे़ कई लोग हैं। वे बिजनौर आदि क्षेत्रों से भारी मात्रा में पटाखे लाकर दीपावली के मद्देनजर आबादी में स्टाक करते हैं। पुलिस ने साठगांठ के चलते पटाखों के बड़े कारोबारियों नहीं पकड़ा है। वह छोटे कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई कर इतिश्री कर रही है।