मवाना रोड जेपी कॉलेज के सामने सड़क में फिर से गहरा गड्ढा होने के कारण वाहन फंसने लगे हैं। स्कूल, कॉलेज छुट्टी के समय लंबे जाम की स्थिति भी बन रही है। ठेकेदार ने मात्र 200 मीटर सड़क मरम्मत का काम कराकर बंद कर दिया है।
मेरठ-पौड़ी हाइवे (मवाना रोड) की हालत बद से बदतर है। कुछ दिन पूर्व सड़क की मरम्मत का काम ठेकेदार ने शुरू किया। सलारपुर गांव तक करीब 200 मी. ही सड़क की मरम्मत का काम हो सका। ठेकेदार खर्चा अधिक होने की बात कहकर फरार हो गया। जेपी कॉलज के पास सड़क में फिर से बड़ा गड्ढा बन गया है। यहां पहले की तरह ही वाहन फंस रहे हैं। स्कूल, कॉलेज की छुट्टी के वक्त लंबे जाम की स्थिति बन जाती है। मंगलवार को जेपी कॉलेज के सामने सवारियों से भरा टेंपो पलटने से बचा।
जेपी कॉलेज है गड्ढा बनने का कारण
जेपी कॉलेज और आसपास के क्षेत्र के पानी की निकासी के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं है। इससे पानी सड़क के किनारे बनी कच्ची नाली में जाता है। जेपी कॉलेज का पानी रात के समय एक साथ छोड़ा जाता है। जिससे ओवर फ्लो के कारण सड़क पर इक्ट्ठा होता है। पहले भी इस तरह खाई बनी थी। उस समय इसे भरने के लिए करीब 20 ट्रक मटीरियल डाला गया था। अब फिर से वही स्थिति बन गई है।