मतदान के दिन चिकित्सक अपने मोहल्ले के लोगों की घंटी बजायेंगे। उन्हें अपने साथ मतदान करने के लिए ले जाएंगे। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) मेरठ शाखा के आह्वान पर चिकित्सकों ने यह फैसला लिया है। 11 फरवरी को हर चिकित्सक मतदान करने जाते वक्त पांच घरों की घंटी बजाएंगे। मतदान से लौटते वक्त दूसरे रास्ते से आएंगे और फिर पांच घरों की घंटी बजाकर लोगों से मतदान की अपील करेंगे।
बृहस्पतिवार शाम को आईएमए और अमर उजाला की ओर से मतदाता जागरूकता बैठक बुलाई गई। आईएमए अध्यक्ष डॉ. वीरोत्तम तोमर ने मतदान करने वाले लोगों को 50 फीसदी तक छूट देने का प्रस्ताव रखा तो मौजूद कार्यकारिणी सदस्यों एवं चिकित्सकों ने तत्काल इसे मान लिया। तय किया गया कि जो भी व्यक्ति 11 फरवरी को मतदान करने के बाद सोमवार (13 फरवरी) को अपनी अंगुली पर स्याही का निशान दिखायेगा, उसे ओपीडी में छूट दी जाएगी। आईएमए सचिव डॉ. रेणु भगत ने कहा कि समाज के लिए हमारी भी कुछ जिम्मेदारी है। ऐसे में चिकित्सक तीन दिन की छुट्टियां मानकर बाहर न निकल जाएं, बल्कि स्वयं वोट करें। अपने परिजनों को वोट कराएं। मोहल्ले के लोगों को भी प्रोत्साहित करें। डॉ. विश्वजीत बैंबी ने घरों की घंटी बजाने का सुझाव दिया। इसे सभी ने मान लिया। आईएमए सदस्य सोशल मीडिया के जरिये भी लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करेंगे।