नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट पुरुष प्रतियोगिता सत्र 2016-17 के छठे दिन चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और एलपीयू फगवाड़ा के बीच खेला गया मैच दिलचस्प रहा। मैच टाई होने के बाद रिजल्ट सिक्का उछालकर तय हुआ। एलपीयू की किस्मत अच्छी रही और मैच का नतीजा उनके हक में गया। इसके अलावा गुरुकुल कांगड़ी की टीम को वॉकओवर मिला तो एमयूबी अलीगढ़ की टीम को टीएमयू मुरादाबाद की टीम मैच देकर चली गई। उनके छह खिलाड़ियों की योग्यता पूरी नहीं थी।
एलपीयू की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 43.4 ओवर में 216 रन बनाए। नरविंदर ने 70 और अभिषेक कुमार ने 56 रन बनाए। जितेंद्र कुमार को चार विकेट मिले। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में 45 ओवर में 216 रन पर ऑलआउट हो गई। प्रखर प्रशांत ने 49, जैकब और नितिन कांबोज ने 45-45 रन की पारी खेली। नरविंदर, रशिम फारूख को दो-दो विकेट मिले। सिक्का उछालने में फैसला एलपीयू टीम के हक में गया। दूसरे मैच में गुुरुकुल कांगड़ी की टीम को पीईसी यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ की टीम नहीं पहुंचने पर वॉकओवर मिल गया। आईकेजी पीटीयू जालंधर यूनिवर्सिटी ने आईएफटीएम यूनिवर्सिटी मुरादाबाद की टीम को तीन विकेट से हराया। आईएफटीएम की टीम ने पहले बैटिंग की और 159 रन का लक्ष्य दिया। जिसे आईकेजी की टीम ने 35 ओवर में हासिल कर लिया। अल फलाह यूनिवर्सिटी ने लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विवि दिल्ली की टीम को आसानी से हरा दिया। लाल बहादुर शास्त्री विवि की टीम ने 95 रन बनाए थे। कानपुर यूनिवर्सिटी की टीम ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी पंजाब की टीम को 284 रन से शिकस्त दी। गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी हिसार की टीम ने मानव रचना यूनिवर्सिटी की टीम को सात विकेट से मात दी। मानव यूनिवर्सिटी ने 198 रन बनाए थे। जिसे 30.2 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।