गंगानगर और फलावदा में राजमिस्त्रियों की हत्या
शहर और देहात क्षेत्र में बुधवार को अधेड़ उम्र के दो राजमिस्त्रियों की ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी गई। एक का शव गेहूं और दूसरे का आलू के खेत में मिला। दोनों ही मामलों में हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस प्रशासन की ओर से वारदात का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया गया। उसके बाद ग्रामीणों ने शवों का अंतिम संस्कार कराया।
सुबह पांच बजे किसी ने फोन करके बुलाया था
गंगानगर। थानाक्षेत्र के ललसाना गांव में बुधवार सुबह एक राजमिस्त्री की हत्या कर दी गई। उसका शव गांव के बाहर एक खेत में खून से सना मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देररात तक पुलिस हत्यारों का सुराग नहीं लगा पाई थी।
पुलिस के अनुसार, ललसाना निवासी रिंकू (45) उर्फ अरुण पुत्र ओमप्रकाश कई दिनों से मेरठ की शीलकुंज कॉलोनी में काम कर रहा था। परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह करीब पांच बजे किसी ने फोन करके रिंकू को बुलाया था। इसके बाद गांव से करीब 500 मीटर दूर आलू के खेत में उसका शव मिला। खेत ललसाना निवासी रणवीर सिंह का है। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सीओ सदर देहात पूनम सिरोही और एसपी देहात मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ईंट से कुचलकर हत्या की गई। जबकि ग्रामीणों में धारदार हथियार से काटने की चर्चा है। मृतक का एक बेटा जतिन और तीन बेटियां चांदनी, शीतल, पायल हैं। पत्नी रेखा का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटा भाई टिंकू भी मजदूरी करता है। सीओ सदर देहात ने बताया कि परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है।
शव के पास मिला शराब का पव्वा
पुलिस ने शव के पास से शराब का पव्वा बरामद किया। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्यारा कोई करीबी ही है। रिंकू का मोबाइल आलू के खेत के पास ट्यूबवेल की हौज से बरामद हुआ। उसकी कॉल डिटेल से फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने गांव के चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
ग्रामीणों ने किया हंगामा
रात तक हत्यारों का पता नहीं चलने पर ग्रामीण में आक्रोश नजर आया। उन्होंने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। बाद में पहुंचे सदर तहसीलदार ने ग्रामीणों को आर्थिक मदद और हत्या के जल्द खुलासे का भरोसा दिया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव के बाहर गेहूं के खेत में मिला शव
फलावदा। थानाक्षेत्र के गांव खाता में राजमिस्त्री की ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी गई। उसकाखून से लथपथ शव गांव के बाहर गेहूं के खेत में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने हत्यारों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर छह घंटे तक शव नहीं उठने दिया। एसडीएम और सीओ ने लोगों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
क्षेत्र के गांव खाता निवासी राजमिस्त्री मदन (50) पुत्र राम सिंह मंगलवार को मेरठ में काम करने गया था। वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने खालिदपुर मार्ग पर शीशपाल के गेहूं के खेत में मदन का शव खून से लथपथ पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया। इस पर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। महिलाओं ने पुलिस जीप से शव उतार लिया। हंगामे की सूचना पर एसडीएम और सीओ मवाना मौके पर पहुंचे। उन्होंने बमुश्किल लोगों को समझाया।
मृतक के पुत्र मिंटू ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि पिता की हत्या गोली और ईंटों से वार कर की गई है। मदन के तीन पुत्र और एक पुत्री है। मिंटू और विपिन शादीशुदा हैं। सोनम और राहुल अविवाहित हैं। पुलिस का कहना है कि मदन की ईंटों से वार कर हत्या की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
थाना प्रभारी से की धक्का-मुक्की
ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिस सूचना के कई घंटे बाद मौके पर पहुंची। शव को लावारिस की तरह उठाकर ले जाने लगी। विरोध करने पर थाना प्रभारी ने पीड़ित परिवार के साथ अभद्रता की। आरोप है कि थाना प्रभारी ने मृतक को चोर उचक्का बताया। इस पर लोगों ने थाना प्रभारी से धक्का-मुक्की कर दी। बाद में मदन के परिजनों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उसमें 24 घंटे में हत्या का खुलासा, 50 लाख की आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी की मांग की।