- दोनों आरोपी घर पर लगे सीसीटीवी में कैद, पीड़ित ने एसएसपी से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गंगानगर थाना क्षेत्र स्थित मीनाक्षीपुरम कॉलोनी में बुधवार दोपहर बाइक सवार नकाबपोश हमलावर वकील उज्ज्वल मलिक का घर समझकर पड़ोसी के घर में घुस गए। हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर तोड़फोड़ का प्रयास किया। दोनों आरोपी घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। पीड़ित अधिवक्ता ने शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
मवाना रोड स्थित मीनाक्षीपुरम निवासी अधिवक्ता उज्ज्वल मलिक ने शिकायती पत्र में बताया कि वह कचहरी में एक वकील के पास प्रैक्टिस कर रहे है। 20 मई को वह कचहरी में मौजूद थे। दोपहर में दो युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर सरिया व तमंचा लेकर बाइक से उनके आवास के पास पहुंचे। मगर आरोपी गलती से उनका घर समझकर पड़ोसी के घर में घुस गए। आरोप है कि दोनों युवक जबरन घर में घुस गए और लोहे की जाली का गेट तोड़ने का प्रयास किया था। इसके बाद आरोपी घर के लोगों को बाहर निकलने के लिए कहने लगे। आरोपियों ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। घर में मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी बाहर की ओर भागे गए। बाहर निकलने के बाद दोनों युवक किसी से फोन पर बात कर रहे थे। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह का कहना है कि शिकायती पत्र व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
-