- पति समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा (मेरठ)। गांव रसूलपुर रोहटा निवासी विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज में बोलेरो कार की मांग पूरी न होने पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। विवाहिता ने गला दबाकर जान से मारने के प्रयास का भी आरोप लगाया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी को दिए प्रार्थनापत्र में रानू पुत्री किरनपाल ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में मुजफ्फरनगर के गांव भोकरहेड़ी निवासी विजय कुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बोलेरो कार की मांग करने लगे। विवाहिता के अनुसार उसके दो बच्चे हैं। ससुरालियों द्वारा उत्पीड़न किए जाने पर वह अपने दोनों बच्चों को मायके में छोड़कर बीच-बीच में ससुराल आती-जाती रही।
आरोप है कि ससुरालियों ने गला दबाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया। किसी तरह पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया।
पीड़िता ने पति विजय कुमार, ससुर जोगेंद्र सहरावत, सास सीमा, ननद निधि, सोनी और भूरिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।