संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मोहल्ला आजादनगर निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न करने के चलते मारपीट और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोगों ने समय रहते उसे बचाया। विवाहिता को उसके ससुराल से निकाल दिया गया है।
पीड़िता शबीना पुत्री सलीम ने बताया कि उसकी शादी एक वर्ष पूर्व गाजियाबाद के कुसैलिया गांव में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास-ससुर और अन्य ससुराल वाले दहेज में बुलेट बाइक और एक लाख रुपये की मांग कर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
शबीना ने बताया कि 16 अप्रैल को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। आरोप है कि परिवार ने यह भी कहा कि मांग पूरी होने के बाद ही उसे घर में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। पीड़िता बुधवार को परिजनों के साथ थाने पहुंची और पुलिस को नामजद तहरीर दी। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।