संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। थाना क्षेत्र के डूंगर गांव निवासी विवाहिता ने दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर पति समेत ससुरालियों पर उत्पीड़न करने और दो बेटियों समेत घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक के आदेश पर रोहटा थाना पुलिस ने पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव डूंगर निवासी प्रियंका पुत्री जयसिंह ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में परतापुर थाना क्षेत्र के घाट गांव निवासी दीपक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुरालियों ने दहेज में बाइक की मांग शुरू कर दी। मायका पक्ष के लोगों ने कई बार ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मांग जारी रही। पीड़िता का आरोप है कि उसने दो बेटियों को जन्म दिया। बेटियों के जन्म के बाद ससुरालियों ने उसका उत्पीड़न और बढ़ा दिया। आरोप है कि करीब दो माह पहले उसे दोनों बेटियों के साथ घर से निकाल दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत रोहटा थाने में की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने पति दीपक, ससुर धर्मवीर, सास बीरमति, जेठ पिंटू, देवर संजय और ननद पिंकी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।