- पति के साथ मारपीट कर 15 हजार रुपये निकालने का भी आरोप, महिला ने थाने में दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे की ईदगाह रोड स्थित नई बस्ती धर्मपुरी निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। वहीं, 15 हजार रुपये मांगने पर पति के साथ मारपीट करने का मामला भी सामने आया है। पीड़िता ने मंगलवार को सरधना थाने में तहरीर दी है।
चांदनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब नौ वर्ष पहले मोहल्ला फौजी सरधना देहात निवासी सलमान पुत्र निजामुद्दीन के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। आरोप है कि उसे कमरे में बंद कर भूखा रखा जाता था। महिला के अनुसार, उसके तीन बच्चे हैं। उनके साथ भी मारपीट की जाती है। वह बच्चों के साथ मायके में रह रही है।
चांदनी ने बताया कि मंगलवार की दोपहर करीब 2:00 बजे उसका पति घर में रखे 15 हजार रुपये लेने गया था। रुपये कमरे में बैग में रखे हुए थे। बैग पैक करते समय रुपये गायब मिले। आरोप है कि सलमान ने घरवालों से रुपयों के बारे में पूछा तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसके पति को भी घर से निकालने की धमकी दे रहे हैं। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं।