घोड़ी की मौत के बाद हंगामा करते लोग। (फलावदा)
- पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा। कस्बे में थाने के सामने लगी हाई मास्ट लाइट के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से तांगा चालक की घोड़ी मौके पर ही मर गई। घटना से गुस्साए लोगों ने मौके पर एकत्र होकर मुआवजे की मांग के लिए जमकर हंगामा किया। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है ।
मोहल्ला कानी पट्टी निवासी राजेंद्र प्रजापत बुधवार को थाने के सामने अपनी घोड़ी चराने के लिए लाया था। इसी दौरान हाई मास्ट लाइट के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से घोड़ी की मर गई। पीड़ित राजेंद्र तांगा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घोड़ी की मौत के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। घटना से आक्रोशित पीड़ित और स्थानीय लोगों ने विद्युत निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए बिजलीघर और घटनास्थल के सामने जमकर हंगामा किया।
पीड़ित राजेंद्र ने बताया कि घोड़ी को करंट लगते ही उसने तुरंत सामने स्थित बिजलीघर के कर्मचारियों को लाइन काटने की सूचना दी थी लेकिन जब तक बिजली कर्मचारियों ने आपूर्ति बंद की तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
विद्युत निगम के अवर अभियंता अशोक कुमार का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। उच्चाधिकारियों को इससे अवगत करा दिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।