मेरठ। यति नरसिंहानंद के पक्ष में डासना में आज होने वाली महापंचायत के लिए जिले से कई नेता शनिवार को रवाना हो गए। रविवार को भी बड़ी संख्या में लोगों के गाजियाबाद जाने की संभावना है। इसके चलते खुफिया विभाग अलर्ट हो गया है। वह मेरठ से गाजियाबाद के लिए रवाना हो रहे लोगों की सूची बना रहा है। यति नरसिंहानंद के बयान के बाद पूरे यूपी समेत कई राज्यों में अलर्ट घोषित किया हुआ है। वेस्ट यूपी में भी कड़ी निगरानी की जा रही है। हिन्दू जागरण मंच के पूर्व महानगर अध्यक्ष सचिन सिरोही, चहन सिंह बालियान, पंडित बालकिशन राय, अजय सिरोही, डा. योगेंद्र योगी, ब्रह्म सिंह फौजी एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता शनिवार को कमिश्नरी में एकत्र हुए। यहां से ये लोग यति नरसिंहानंद के पक्ष में नारेबाजी करते हुए डासना के लिए रवाना हुए। डासना पहुंचकर इन्होंने वहां संतों से मुलाकात की। बताया गया है कि वहां हुई बैठक में घोषणा की गई है कि चाहे कुछ भी हो वह महापंचायत जरूर करेंगे। सचिन सिरोही ने बताया कि मेरठ से बड़ी संख्या में महापंचायत में पहुंचेंगे। उन्होंने यति नरसिंहानंद महाराज को जेड प्लस सुरक्षा देने और माहौल खराब करने वालों पर रासुका लगाने की मांग की है। संवाद