मुजफ्फरनगर जनपद में कार खड़ी करने को लेकर हुई कहासुनी में दो पक्षों में झगड़ा हो गया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। आरोप है कि एक पक्ष ने फायरिंग भी की। झगड़े में एडीओ कोआपरेटिव समेत उसका लेखपाल भाई, बेटे समेत कई लोग घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। पुलिस ने एडीओ कोआपरेटिव की तहरीर पर आधा दर्जन नामजद के अलावा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला रामलीला टिल्ला निवासी विनय कुमार खतौली ब्लॉक में एडीओ कोआपरेटिव है। सोमवार की रात्रि में उनके परिवार में एक समारोह था। काफी मेहमान भी आए थे। विनय के मकान के बराबर में रितेश पुत्र रामेश्वर की डेयरी है। आरोप है कि डेयरी के पास कार खड़ी करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि रितेश ने अपने साथियों विवेक, विक्की पुत्रगण नरेश, गौरव पुत्र रामपाल, फौजी उर्फ राजकुमार व संदीप समेत आदि लोगों को मौके पर एकत्र कर लिए। सभी ने विनय पर हमला कर दिया। हमला होता देख कर उसका लेखपाल भाई विजय, बेटा तनिष्क व समारोह में शामिल होने के लिए आए मेहमान आए, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर गंभीर घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घायलों पर फायरिंग भी की, जिसमें विनय बाल-बाल बचा।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो गए थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने विनय की ओर से रितेश, विवेक, विक्की, गौरव, फौजी उर्फ राजकुमार, संदीप के नामजद और 20 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/