मेरठ के निजी अस्पताल में महिला मरीज से दुष्कर्म के आरोपी कंपाउंडर रिजवान को मंगलवार को नौचंदी पुलिस ने एसीजेएम-प्रथम के न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, इस मामले में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के छात्रों ने सीएमओ कार्यालय पर हंगामा कर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मंगलवार को पीड़िता के 164 के बायन नहीं हो सके। अब यह बयान बुधवार को होंगे।
सिंभावली हापुड़ निवासी एक रिटायर्ड सैन्यकर्मी की पत्नी को पेट और कमर में दर्द की शिकायत के चलते 13 नवंबर को लोकप्रिय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को महिला की छुट्टी होनी थी। महिला मरीज का आरोप है कि सोमवार देर रात अस्पताल के कंपाउंडर रिजवान निवासी अमरोहा ने नशे का इंजेक्शन देकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था।