फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: हांफता हुआ थाने पहुंचा दिल्ली से अपहृत प्रॉपर्टी डीलर, पुलिस को बताई दोस्तों की खौफनाक कहानी

Mon, 08 Jul 2019 11:34 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
अपहरण
विज्ञापन
दिल्ली के समसपुर गांव से शनिवार दोपहर दो दोस्तों ने मिलकर अपने साथी का अपहरण कर लिया। उसे देर रात दौराला थाना क्षेत्र के रूहासा के जंगल में ले आए। यहां उसकी हत्या का प्रयास किया। पीड़ित घायल अवस्था में आरोपियों के चंगुल से निकल भागा। कंट्रोल रूम से सूचना पाकर दौराला पुलिस ने पीड़ित को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि आरोपी कार से फरार हो गए। पीड़ित ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। 
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार समसपुर खालसा दिल्ली निवासी बृजेश सिंह प्रापर्टी डीलर है। उसने बताया कि शनिवार सुबह गांव के एक व्यक्ति ने अपने साथी के साथ मिलकर घर से बुलाया। उसने गांव के बाहर उसे जरूरी काम से सोनीपत जाने की जानकारी देकर कार में बैठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे सोनीपत ले गए और वहां घूमाते रहे। 

आरोप है कि शाम को आरोपियों ने उसे जबरन शराब पिलाई और नशा होने के बाद उसका अपहरण कर लिया। देर रात दोनों आरोपी उसे लेकर हाईवे से होते हुए रूहासा के जंगल में ले गए। उसने कार रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी तमंचा दिखा गोली मारने की धमकी देने लगे। 

इस पर पीड़ित ने पैर से कार का शीशा तोड़ दिया और कूदकर फरार होने का प्रयास किया। इसके चलते आरोपियों ने उसे दबोच लिया और तमंचों की बटों से उसकी जमकर पिटाई की। विरोध करने पर एक आरोपी ने उसकी कनपटी पर गोली मारने का प्रयास किया। बताया कि गोली मिस होने से उसकी जान बच गई। जिससे वह आरोपियों के चंगुल से निकल भागा। 
विज्ञापन

आरोपियों ने उसका पीछा किया। लेकिन वह जंगल से होता हुआ हाईवे स्थित सकौती गांव के पास जा पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। हालांकि तब तक आरोपी कार लेकर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल का एक निजी अस्पताल में उपचार कराया। 

पुलिस ने आरोपियों की तलाश में जंगल में कांबिंग की परंतु उनका सुराग नहीं लग सका है। एसओ दौराला रितेश कुमार ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रहा है। पीड़ित से पूछताछ की जा रही है। खुलासे के बाद ही घटना सच्चाई पता चल सकेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें