फर्जी पुलिस बनकर लोगों को भ्रमित तथा सरकारी सुविधा लेने वाला अमित गिरफ्तार फोटो स्त्रोत पुलिस
- पुलिस ने आरोपी के पास से वर्दी, फर्जी पहचान पत्र बरामद किया
संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर (मेरठ)। पुलिस ने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को भ्रमित कर डराने और सरकारी सुविधा लेने वाले परीक्षितगढ़ के गांव अमीनाबाद उर्फ बड़ा गांव निवासी अमित को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पास से एक कार, पुलिस की वर्दी, फर्जी परिचय पत्र और फोन आदि बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट पेश किया, जहां से जेल भेज दिया।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस टीम मवाना तिराहे पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर जांच की गई। वाहन चालक अमित निवासी गांव अमीनाबाद उर्फ बड़ागांव थाना परीक्षितगढ़ ने पुलिस टीम को खुद को पुलिस विभाग का कर्मचारी बताया। उसने मोबाइल फोन में पुलिस की वर्दी में अपना फोटो दिखाकर पुलिसकर्मी होने का दावा किया। पुलिस को शक हुआ तो उससे गहन पूछताछ की गई। इस पर वह जवाब नहीं दे पाया।
तलाशी के दौरान कार से एक पुलिस पी-कैप, उत्तर प्रदेश पुलिस का परिचय पत्र (आईडी कार्ड) और मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच की गई तो वह फर्जी निकला। इसके बाद अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
एसपी देहात ने बताया कि अमित पुलिस के किसी भी विभाग में कार्यरत नहीं है। वह पुलिसकर्मी बनकर चेकिंग एवं टोल आदि स्थानों पर रौब जमाकर उनसे लाभ प्राप्त करने के लिए वाहन पर पुलिस स्टिकर लगाकर चलता था। पुलिस ने बताया कि उसने मोबाइल फोन में पुलिस वर्दी में एआई तकनीक से निर्मित फोटो भी बनाकर लगा रखा था।