सरधना। कस्बे के बिनौली रोड स्थित एक सैलून में शेविंग कराने गए युवक के साथ मारपीट कर दी। घनश्याम गंज मंडी बिनौली रोड निवासी अखिलेश के अनुसार शुक्रवार शाम वह बस स्टैंड के समीप स्थित एक सैलून पर शेविंग कराने पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी सैलून संचालक से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सैलून संचालक ने उसके साथ मारपीट कर दी। पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान उसे चोटें आईं। साथ ही आरोपी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। अखिलेश ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद