मलियाना ओवरब्रिज पर 17 दिन बाद यातायात बहाल
मेरठ। मलियाना ओवरब्रिज पर 17 दिन बाद सोमवार सुबह से हल्के वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। मरम्मत के कारण ओवरब्रिज बंद था और इस दौरान शहर में जगह-जगह जाम की स्थिति बन रही थी। ओवरब्रिज से बस और ट्रक सहित अन्य भारी वाहनों की आवाजाही 30 जून से शुरू होगी।
ओवरब्रिज की मरम्मत 11 जून से शुरू हुई थी। मरम्मत में एक्सपेंशन ज्वाइंट, बियरिंग, सड़क लेयर, ग्रिल आदि का कार्य किया जाना था। एक्सपेेंशन ज्वाइंट और सड़क लेयर का कार्य पूरा हो चुका है। बियरिंग और ग्रिल का काम किया जा रहा है। इसमें 10 दिन लग सकते हैं। हालांकि इस दौरान वाहन चल सकेंगे।
इस काम के पूरा होने के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारी दिल्ली रोड स्थित मेवला और परतापुर ओवरब्रिज की मरम्मत कार्य के लिए बजट बनाने में जुट गए हैं। इसका प्रस्ताव जल्द शासन को भेजा जाएगा। हालांकि रैपिड रेल के कार्य के चलते दोनों ओवरब्रिज की मरम्मत शुरू होने में देरी हो सकती है।