मेरठ। लोहिया नगर थाना क्षेत्र के हुमांयू नगर में सर्जिकल सामान के गोदाम में भीषण आग लग गई। एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
जाकिर काॅलोनी निवासी रहमतुल्लाह का हुमांयू नगर में गोदाम है। यह गोदाम अब्दुल्लापुर निवासी वाहिद को किराए दिया हुआ है। वाहिद की इनायजा सर्जिकल एंड इंजेक्टेबल गुड्स नाम की फर्म है। मंगलवार रात गोदाम से धुआं उठते देख लोगों ने शोर मचा दिया। उन्होंने रहमतुल्लाह को फोन पर सूचना दी। रहमतुल्लाह ने वाहिद को घटना के बारे में बताया। गोदाम के अंदर सर्जिकल आइटम के अलावा इंजेक्टेबल सामान भी काफी मात्रा में भरा था। वह आग की चपेट में आकर फटने लगा। आसपास के लोग भी छतों पर चढ़कर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। आग देखकर वाहिद की हालत बिगड़ गई, जिसके चलते उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वाहिद के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वाहिद की हालत बिगड़ गई है, जिस कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। आग में कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी वाहिद ही दे सकेंगे। सीएफओ संतोष कुमार राय का कहना है कि आग के कारणों की जांच चल रही है।