- श्रद्धालुओं ने जन्मोत्सव पर सजाई रथयात्रा, झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे में मंगलवार को भगवान महावीर जन्मोत्सव बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में सुबह भक्तों ने भगवान महावीर का अभिषेक और शांतिधारा की। कार्यक्रम में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर मंदिर परिसर को भक्तिमय माहौल में बदल दिया।
भव्य रथयात्रा का शुभारंभ भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने किया। रथ में भगवान महावीर की प्रतिमा को गोद में विराजमान करने का सौभाग्य धनपाल जैन परिवार को प्राप्त हुआ, जबकि रथ की खजांची की जिम्मेदारी सुरेंद्र जैन और अतीश जैन ने संभाली। रथयात्रा में शामिल झांकियां भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनीं। रथयात्रा चौक बाजार से शुरू होकर ऊंचापुर, गुजरान गेट, गांधीनगर, अशोक की लाट, गंज बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पांडुकशिला सड़क स्थित विद्योदय निलय पर संपन्न हुई।
यात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। जन्मोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि समाज में एकता और सांस्कृतिक उत्सव की भावना को भी मजबूती प्रदान की। लोगों ने इसे जैन समुदाय की संस्कृति और परंपरा का गौरवपूर्ण उत्सव बताया। आयोजन से सरधना कस्बे में उल्लास और खुशियों का माहौल रहा।
इस मौके पर सरधना विधायक अतुल प्रधान, सतीश चंद जैन, कुणाल जैन, श्रेयांस जैन, नमन जैन, अभिषेक जैन, पुनीत जैन, वैभव जैन, क्षितिज जैन, आगम जैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।