नौचंदी मेला अभी भी अव्यवस्था की भेंट चढ़ा हुआ है। दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं, लेकिन अभी तक मेले में रोशनी की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मेले का उद्घाटन हुए एक माह बीतने को है। अभी तक नगर निगम मेले में सुविधाएं भी पूरी नहीं कर पाया है। नगर निगम ने जिस ठेकेदार को लाइटों का ठेका दिया है उसने अभी तक काम पूरा नहीं किया है। इससे रात में दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को मेला नौचंदी के कई दुकानदार नगर निगम में महापौर सुनीता वर्मा से मिलने पहुंचे। उन्होंने शिकायत की कि मैदान में बनी पक्की दुकानों के सामने पुलिस उन्हें काउंटर नहीं लगाने दे रही है। जबकि पूर्व में एक एक मीटर आगे तक दुकान सजाई जाती थी। महापौर सुनीता वर्मा ने अपर नगरायुक्त अली हसन कर्नी को अपने कार्यालय में बुलाया और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। अपर नगरायुक्त निगम के अन्य अधिकारियों को साथ लेकर मेला नौचंदी पहुंचे और दुकानदारों से वार्ता की। इसके बाद पटेल मंडप का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ सफाई और लाइट व्यवस्था सही करने के निर्देश ठेकेदार को दिए।