सरधना। क्षेत्र के पौहल्ली गांव स्थित जाहरवीर बाबा की माढ़ी में शनिवार रात दो युवकों ने महंत अनिल कुमार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी भाग गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
हरियाणा के हिसार निवासी महंत अनिल कुमार माढ़ी में में रहते हैं और पूजा पाठ करते हैं। शनिवार देर रात वह माढ़ी में सो रहे थे। तभी अचानक दो युवक वहां पहुंचे और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने ताबड़तोड़ प्रहार किए। इससे वह घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का उपचार सीएचसी में कराया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है। आशंका है कि मंदिर के पास नशा आदि करने से रोकने पर आरोपियों ने महंत पर हमला किया है। सीओ आशुतोष कुमार ने आश्वासन दिया है कि आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे और मामले की पूरी जांच की जा रही है।