पिछले कई महीनों से आरबीआई के निर्देशों पर चिप वाले डेबिट कार्ड ग्राहकों को देने की प्रक्रिया चल रही है। एसबीआई ने महीनों पहले ग्राहकों को चिप वाले डेबिट कार्ड जारी कर दिये थे। लेकिन अन्य बैंकों द्वारा ऐसा नहीं किया गया। जिसके कारण ग्राहकों को चिप वाले डेबिट कार्ड न मिलने से कैश की समस्या से जूझना पड़ा।
मंगलवार को कोतवाली स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम में जनधन खाताधारक मैग्नेटिक डेबिट कार्ड लेकर कैश निकालने पहुंचा। लेकिन एटीएम ने मैग्नेटिक डेबिट कार्ड को स्वीकार नहीं किया। ग्राहक ने बैंक में संपर्क किया तो पता चला मैग्नेटिक डेबिट कार्ड बंद हो गए हैं। जिसके बाद ग्राहक ने नए डेबिट कार्ड के लिए आवेदन किया।
पीएनबी के अलावा प्रह्लाद नगर स्थित ओरियंटल बैंक शाखा, एसबीआई गोलाकुआं ब्रांच, सुभाष बाजार एसबीआई ब्रांच, दिल्ली रोड एसबीआई ब्रांच सहित अन्य निजी शाखाओं में मैग्नेटिक डेबिट कार्ड को लेकर ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि कुछ निजी बैंकों ने नए डेबिट कार्ड आने तक पुराने चलने की छूट ग्राहकों को दी है।
ग्राहकों को चिप वाले डेबिट कार्ड देंगे
प्रह्लाद नगर ओरियंटल बैंक के शाखा प्रबंधक अमित रस्तौगी ने बताया कि ग्राहकों को चिप वाले डेबिट कार्ड देने के लिए कॉल की भी जा रही है। डाक घर के अधिकारियों को भी डेबिट कार्ड के बारे में बताया गया है। घरों के पते पर डेबिट कार्ड न पहुंचने पर कार्ड बैंक शाखाओं पर देने को कहा गया है। जिससे ग्राहकों को डेबिट कार्ड को लेकर परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रबंधक ने बताया कि 31 दिसंबर से सभी मैग्नेटिक कार्ड बंद हो गए हैं। वहीं, गोला कुआं एसबीआई के प्रबंधक प्रेम निवतिया ने बताया कि एसबीआई ने सभी ग्राहकों को पिछले कई महीनों से चिप वाले डेबिट कार्ड वितरित कर दिए हैं। जिन ग्राहकों के पास चिप वाले डेबिट कार्ड नहीं पहुंचे हैं, उनको परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पोस्ट आफिस कर्मचारियों को डेबिट कार्ड बैंक शाखाओं पर देने को कहा है।