सरधना। नगर पालिका में बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
विशेष रूप से 0 से 5 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए टीकाकरण को आवश्यक बताया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बच्चों में होने वाली कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों को केवल टीकाकरण के माध्यम से रोका जा सकता है। इससे बाल मृत्यु दर में कमी आएगी और बच्चे स्वस्थ रहेंगे। कार्यक्रम में मौजूद विधायक अतुल प्रधान ने सभी सभासदों से अपील की कि वह अपने-अपने वार्ड में रह रहे लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करें।
चेयरपर्सन सबीला बेगम और अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने भी टीकाकरण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यह बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी है। सभी सभासदों ने अपने स्तर पर लोगों को जागरूक करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में पीसीआई इंडिया के क्लस्टर कोऑर्डिनेटर मोहित खटीक, आबिद सलमानी और शबाना खातून का योगदान रहा।