सरधना। तहसील गेट के पास एलटी लाइन का तार टूटकर बाइक में उलझा, चालक बचा। संवाद
सरधना। तहसील गेट के बाहर बुधवार को एलटी लाइन का जर्जर तार टूटकर सड़क पर गिर गया। वहां से गुजर रहे बाइक सवार की बाइक तार में उलझ गई, जिससे वह दूर जाकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार गंगानगर मेरठ निवासी विनोद किसी कार्य से सरधना तहसील आया था। तार टूटने के बाद उसमें लगातार चिंगारियां निकलती रहीं, जिससे अधिवक्ताओं के चैंबर के बाहर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल ऊर्जा निगम को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया। बताया गया कि बिजली का तार कई घंटे तक सड़क पर लटका रहा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं ने जर्जर बिजली के तारों को तत्काल बदलने की मांग करते हुए कहा कि समय रहते इन्हें नहीं बदला गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।