यूपी बार काउंसिल के बहुप्रतीक्षित चुनाव के अंतर्गत मेरठ, मवाना और सरधना में मतदान के पहले दिन अपेक्षाकृत कम मतदान दर्ज किया गया। तीनों क्षेत्रों के कुल 5885 मतदाता अधिवक्ताओं में से मात्र 1828 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें सर्वाधिक मतदान मेरठ में हुआ, जहां 5559 मतदाताओं में से 1712 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। वहीं सरधना में 181 में से 58 और मवाना में 145 में से 58 अधिवक्ताओं ने वोट डाले।
दूसरे चरण में 20 और 21 जनवरी को ‘डी’ से ‘जे’ तक, तीसरे चरण में 27 और 28 जनवरी को ‘के’ से ‘एम’ तक तथा अंतिम चरण में 30 और 31 जनवरी को ‘पी’ से ‘वाई’ शब्द से शुरू होने वाले जिलों में मतदान कराया जाएगा। मेरठ, मवाना और सरधना तीसरे चरण में शामिल हैं, जहां मंगलवार को मतदान संपन्न हुआ।
मेरठ में मतदान की व्यवस्था कचहरी परिसर स्थित पुरानी परिवार न्यायालय भवन के चार कमरों में की गई थी। सरधना और मवाना में तहसील परिसर स्थित न्यायालय भवनों में मतदान कराया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा।
चुनाव की निगरानी जिला जज अनुपम कुमार के निर्देशन में की गई। चुनाव अधिकारी के रूप में जज आलोक द्विवेदी ने व्यवस्थाओं को संभाला। उनके साथ अपर जिला जज पवन शुक्ला, बाबर खान तथा न्यायिक अधिकारी अनुराग सिंह, नदीम अनवर, नम्रता सिंह और हरिहर गुप्ता ने सक्रिय सहयोग दिया। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से कचहरी परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा।