मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में माधवपुरम के सेक्टर तीन में रविवार रात कैरम बोर्ड फैक्टरी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फूलबाग कॉलोनी निवासी रमेश जिंदल की ई-ब्लॉक सेक्टर तीन माधवपुरम में कैरम बोर्ड की फैक्टरी है। रविवार रात करीब 10 बजे फैक्टरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। फैक्टरी से धुआं निकलते देख आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों ने फैक्टरी मालिक को आग की सूचना दी। लोग गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और बिजली की लाइन काटी। इसके बाद लोग आग पर काबू पाने में जुट गए। आग की लपटें बढ़ते देख उन्होंने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। रमेश जिंदल ने आग का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया है। उनका कहना था कि आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।