भगवती कॉलेज में 28 मार्च की परीक्षाएं यथावत
पीएम की रैली भगवती कॉलेज के पीछे मैदान में होगी। भगवती कॉलेज में चौधरी चरण सिंह विवि के तहत 28 मार्च को होने वाली समस्त परीक्षाएं यथावत होंगी। रैली को देखते हुए समस्या परीक्षार्थी समय से पहले घर से निकलें। सभी परीक्षार्थी अपना आईडी प्रूफ एवं प्रवेश पत्र जरूर लेकर चलें, वह पुलिस-प्रशासन द्वारा चेक किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री की रैली के लिए जुटा युवा मोर्चा
भाजपा युवा मोर्चा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 मोर्च को होने वाली रैली के लिए मंगलवार को विभिन्न कोचिंग इंस्टीट्यूट में जाकर संपर्क किया। युवाओं को रैली में शामिल होने का आह्वान किया।
मोदी की रैली के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
प्रधानमंत्री की रैली के लिए स्वास्थ्य विभाग भी तैयार है। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि चार एंबुलेंस लगाई गई हैं। इसके अलावा नजदीक होने के कारण ग्लोबल अस्पताल और सुभारती अस्पताल में इमरजेंसी और आईसीयू को 28 मार्च को रैली खत्म होने तक खाली रखा जाएगा। इसके अलावा रैली स्थल पर जनसाधारण के लिए जरूरत पड़ने पर चिकित्सीय सेवाओं की सुविधा रहेगी।
पीएम की सुरक्षा के लिए रहेंगे फूलप्रूफ इंतजाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 मार्च को टोल प्लाजा के पास होने वाली रैली को लेकर सुरक्षा के फूलप्रूफ इंतजाम रहेंगे। सभा स्थल का दो किलोमीटर का एरिया पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की निगरानी में रहेगा। मेरठ जोन के नौ जिलों का पुलिस बल यहां तैनात रहेगा। इसके अलावा विशेष सुरक्षा दल (एसपीजी) का घेरा अलग से रहेगा। रिहर्सल और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार सुबह 11 बजे सभी फोर्स रैली स्थल पर बुलाई गई है।
एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में छह एसपी, दस एएसपी, 30 सीओ, 70 थाना प्रभारी/ इंस्पेक्टर, 1500 सिपाही, 200 महिला पुलिसकर्मी, 500 दरोगा व हेड कांस्टेबल, 110 ट्रैफिक पुलिसकर्मी, पांच कंपनी अर्द्धसैनिक बल और आरएएफ, 10 कंपनी पीएसी तैनात होगी। जोन के सभी नौ जिलों से फोर्स सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई है। एसएसपी के अनुसार रैली स्थल के चारों तरफ दो किमी के दायरे में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। जहां मंच तैयार किया जा रहा है वहां एसपीजी का घेरा रहेगा। घुड़सवार दल और फायर ब्रिगेड की टीम अलग से लगाई गई है। खुफिया एजेंसियां अपने स्तर पर काम कर रही हैं। पुलिस-प्रशासन और एसपीजी के अधिकारियों ने मंगलवार को रैली स्थल पर मंथन किया।
अधिकारियों की होगी जिम्मेदारी
एसएसपी ने बताया कि रैली स्थल के प्रवेश द्वार और निकासी द्वार पर एक-एक सीओ और आरएएफ के जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। प्रधानमंत्री के मुख्य मंच, हेलीपैड और डी एरिया में एक-एक एसपी और एडिशनल एसपी तैनात रहेंगे। मंच स्पेशल कमांडो की निगरानी में रहेगा। यातायात व्यवस्था एसपी ट्रैफिक खुद देखेंगे। कार्यक्रम स्थल पर एसपी क्राइम और एसपी सिटी को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई हैं।