कोरोना वायरस से बचने को चल रहे लॉक डाउन के तेरहवें दिन मुजफ्फरनगर में सुबह 6 बजे से 9 बजे तक किराना, मेडिकल, फल सब्जी की दुकानें खुलीं। रोज की भांति दुकानों पर सामान खरीदने को लोगों की भीड़ रही। कई स्थानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया।
वाहन चालकों को पुलिस ने कई स्थानों पर खदेड़ा। शिव चौक पर पुलिस ने 59 बाइकों के ई चालान किए। जनधन खातों में पैसा आने पर बैंकों पर 10 बजे से पहले ही भारी भीड़ जुटी रही। इस दौरान सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं हुआ। प्रशासन की ओर से सभासदों के माध्यम से जरूरतमंदों को राशन सामग्री का वितरण का कार्य आज से शुरू हुआ।
शामली में सुबह 6:30 से 9:30 तक लोगों ने फल सब्जी आदि सामान बाजार से खरीदा। लॉक डाउन के कारण आज जैन मंदिरों में महावीर जयंती पर कोई आयोजन नहीं हुआ। मंदिरों में ताले लगे रहे। समाज के लोगों ने अपने घरों में ही यह पर्व मनाया। महावीर जयंती शोभायात्रा भी आज नहीं निकाली गई।
शामली भैसानी और थाना भवन क्षेत्रों में जमातियों के पॉजिटिव केस मिलने के बाद कराए गए डोर टू डोर सर्वे में करीब 25000 लोगों के स्वास्थ्य की जांच हुई स्वास्थ विभाग के अनुसार प्रथम दृष्टया यह सभी ठीक मिले हैं।
जिले में असम के संक्रमित जामाती के संपर्क में आने वालों की तलाश जारी है। तब्लीगी मरकज निज़ामुद्दीन के मामले सामने आने के अलावा बाहरी जिलों से जिले के जामतियों के बारे में आ रही सूचनाओं के आधार पर कोरोना सर्विलांस टीमों ने दो दिन में ही 300 से ज्यादा जमातियों को क्वारंटीन कराया है। इनमे कुछ के सैम्पल्स जांच के लिए भिजवाए गए हैं। राहत की बात यह है कि रविवार को 56 सैम्पल्स की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
लॉकडाउन के दौरान लुटेरे और चोर भी सक्रिय हो गए है। सरसावा में एक गडरिये से 18 भेड़ें लूटने के बाद अब रामपुर मनिहारान में चोर घी के टिन ही चुराकर ले गए हैं। चोर शटर तोड़कर राशन का अन्य सामान भी ले गए हैं। वहीं, ऑनलाइन ठगी करने वाले भी पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। शहर के वुडकार्विंग कारोबारी से लेकर नानौता, देवबंद और नकुड़ में ट्रांजक्शन और ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर ठगी की जा चुकी है।