बजाज शुगर मिल किनौनी में चीनी ब्रिकी का रिकार्ड चैक करते समिति सचिव श्रीपाल यादव।
- फोटो : SARDANA
बकाए का भुगतान न होने पर चीनी गोदाम पर लगाया ताला
रोहटा। बजाज शुगर मिल किनौनी पर चल रहे पिछले सीजन के 38 करोड़ रुपया बकाया भुगतान को लेकर गन्ना विभाग ने मिल प्रबंधन पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को मिल में पहुंची सहकारी गन्ना समिति की टीम ने चीनी गोदाम पर ताला लगा दिया। वहीं, मिल प्रबंधन ने जनवरी माह में पूरा भुगतान करने की बात कही है, लेकिन विभाग की टीम ने चीनी के गोदाम पर कब्जा करते हुए तालाबंदी कर दी।
गन्ना विभाग के आदेश पर शुक्रवार दोपहर सहकारी गन्ना विकास समिति मलियाना के सचिव श्रीपाल यादव टीम के साथ बजाज शुगर मिल किनौनी पहुंचे। मिल के सेल्स ऑफिस में पहुंचकर चीनी के स्टॉक रजिस्टर की जांच ली और मिल के चीनी गोदाम का निरीक्षण किया। किनौनी चीनी मिल पर गत सीजन के 38 करोड़ रुपया गन्ना भुगतान बकाया है। किसानों का बकाया भुगतान करवाने के लिए चीनी मिल के गोदाम पर ताला लगा दिया। साथ ही मिल प्रबंधन को चेतावनी दी कि जब तक गत सीजन के बकाया चले आ रहे गन्ने का भुगतान अदा नहीं किया जाएगा, तब तक गन्ना विभाग सख्ती से कार्रवाई के लिए तत्पर रहेगा। मिल प्रबंधन ने गत सीजन के बकाया गन्ना भुगतान 38 करोड़ रुपये की राशि जनवरी माह के अंतिम सप्ताह तक चीनी की बिक्री कर समिति में भेजने का भरोसा दिया, लेकिन टीम ने मिल प्रबंधन की एक नहीं सुनी और ताला बंदी कर लौट गई।
बजाज शुगर मिल के यूनिट हेड केपी सिंह का कहना है कि चीनी की ब्रिकी के आधार पर ही रोजाना समस्त भुगतान गन्ना विभाग के खाते में भेजकर किसानों को अदा किया जा रहा है। मिल प्रबंधन की ओर से कोई लापरवाही नहीं बरती जा रही है।