नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए भाकियू राजनीतिक। (बहसूमा)
बहसूमा। कस्बा स्थित महमूदपुर सिखेड़ा किसान सेवा सरकारी समिति द्वारा किसान छत्रपाल के खाते में बेवजह लोन चढ़ाकर उसे खत्म करने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए मंगलवार को भाकियू अराजनैतिक ने धरना देकर एमडी के खिलाफ हंगामा किया।
किसान छत्रपाल ने बताया कि उसकी जमीन की फर्द पर समिति द्वारा गलत तरीके से 3.71 लाख रुपये का लोन चढ़ा दिया। यह लोन 24 मार्च 2013 काे दर्शाया गया है। लोन की जानकारी उसे 27 अगस्त को समिति द्वारा भेजे गए नोटिस से मिली। आरोप है कि कर्ज खत्म करने के नाम पर एमडी ने उससे मोटी रकम की मांग की। जानकारी पर भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष कालू प्रधान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने समिति के एमडी अविनाश चौधरी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन व हंगामा करना शुरू कर दिया। घंटो चले हंगामे के दौरान कार्यकर्ताओं ने सचिव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे मवाना तहसील के नायब तहसीलदार सचिन चौधरी ने किसानों की मांग सुनते हुए उनकी समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि किसान की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह तहसील में जाकर एसडीएम मवाना का घेराव कर आंदोलन करेंगे। समिति सचिव अविनाश चौधरी का कहना है कि वर्ष 2013 में छत्रपाल ने जो लोन लिया था, जमा नहीं किया। उसके भाई चंद्रपाल द्वारा लिया गया लोन उनके मरने के उपरांत वारिस छत्रपाल पर चला आ रहा है। वह बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
हंगामा करने वालों में प्रदेश प्रभारी महाराज मलिक, अभिदान हुड्डा, विशु मवाना, पवन कुमार, नीरज राठी, अर्चित नागर, शुभम लांबा, नीटू राठी, प्रदीप, ओमवीर, दीपांशु चपराणा, संदीप नागर, सुमित बिधुड़ी, सुभाष आदि शामिल रहे।