मवाना। थाना पुलिस ने फर्जी व कूटरचित दस्तावेज के जरिए बैंक से लोन लेने वाले आरोपी इरफान उर्फ लाला निवासी गांव खेड़ी मनिहार को गिरफ्तार किया है। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक की मवाना शाखा के मुख्य प्रबंधक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना में प्रकाश में आया कि आरोपी इरफान उर्फ लाला द्वारा फर्जी व कूटरचित दस्तावेज के आधार पर रमाकांत मंडल की कृषि भूमि पर 6.91 लाख रुपये का ऋण लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी सुशांत समद्दर ने अपनी दादी के साथ मिलकर रमाकांत मंडल का फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार कर बैंक अधिकारियों को धमकाते हुए रुपये पांच लाख रुपये की मांग की थी। आरोपी सुशांत समद्दर को 3 जनवरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सोमवार को पुलिस द्वारा आरोपी इरफान उर्फ लाला निवासी गांव खेड़ी मनिहार को गिरफ्तार किया गया।