सहारनपुर जिले में जेवी जैन कॉलेज के एलएलबी तृतीय वर्ष के छात्र अनुज चौहान पर शिक्षणेत्तर कर्मचारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। कॉलेज मुख्य नियंता की ओर से पत्र जारी कर छात्र से स्पष्टीकरण मांगा है, साथ ही छात्र के 14 अगस्त तक कॉलेज में एंट्री करने पर भी रोक लगाई गई है। कार्यवाहक प्राचार्य की ओर से छात्र के खिलाफ पुलिस को तहरीर भी दी गई है।
चीफ प्रॉक्टर (मुख्य नियंता) डॉक्टर राजकुमार ने बताया कि एलएलबी तृतीय वर्ष के छात्र अनुज चौहान पुत्र हरवीर सिंह निवासी पंजाबी बाग ने 23 जुलाई को पूर्वाह्न 11:30 बजे प्राचार्य दफ्तर के बाहर कॉलेज के अस्थाई शिक्षणेत्तर कर्मचारी प्रमोद कुमार के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। कार्यवाहक प्राचार्य डॉक्टर विनोद कुमार की ओर से 23 जुलाई को ही कोतवाली सदर बाजार में तहरीर देकर छात्र के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की गई है।
चीफ प्रॉक्टर ने बताया कि उनकी ओर से छात्र से 31 जुलाई की शाम चार बजे तक स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही 14 अगस्त तक के लिए कॉलेज परिसर में एंट्री पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। यदि छात्र 14 अगस्त तक कॉलेज परिसर में एंट्री करता है तो उसका दाखिला निरस्त कर दिया जाएगा।
छात्र अनुज ने भी दी तहरीर
छात्र अनुज चौहान की ओर से भी कोतवाली सदर बाजार में तहरीर दी गई है। अनुज का कहना है कि कॉलेज प्रशासन गलत तरीके से छात्रों से प्रॉसपेक्टस की फीस वसूल रहा है। वह कई बार इसके खिलाफ आवाज उठा चुका है। आरोप है कि इसी वजह से कॉलेज प्रशासन उसके खिलाफ साजिश के तहत कार्रवाई करना चाहता है। अनुज ने बताया कि 23 जुलाई को वह प्राचार्य के दफ्तर गया था, जहां कई कर्मचारियों ने मिलकर उसकी पिटाई की। वह किसी तरह बचकर निकला। आरोप है कि रास्ते में नकाबपोश लोगों ने उसे घेर लिया और तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी दी। अनुज ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/