दो दिन बाद आएगी एलएलबी की दूसरी मेरिट
मेरठ। सीसीएसयू कैंपस-कॉलेजों में पीजी कोर्सों में बृहस्पतिवार को प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम दिन 229 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिए। वहीं, एमएमएच कॉलेज में एलएलबी की पहली मेरिट से जिन छात्र-छात्राओं के प्रवेश रद्द कर दिए गए थे उनको पूरक मेरिट से प्रवेश लेने के लिए शुक्रवार तक मौका दिया गया है।
पीजी कोर्सों में तीसरी बार विवि ने छात्र-छात्राओं को ओपन मेरिट से प्रवेश दिया था। एडेड और राजकीय कॉलेजों में जहां अधिकतर सीटें भर गई हैं वहीं, सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में सीटें खाली हैं। एमए, एमएससी-एमकॉम और एमएससी एजी को छोड़कर बाकी कोर्सों का बुरा हाल रहा। प्रवेश समन्वयक प्रो. भूपेंद्र कुमार ने बताया कि पीजी में प्रवेश प्रकिया बंद हो गई है। वहीं, एलएलएम में पहली मेरिट से बृहस्पतिवार को प्रवेश का पहला दिन रहा। इनकी अंतिम तिथि 23 जनवरी है।
15 फरवरी से होंगी बीएड की बैक परीक्षाएं
मेरठ। सीसीएसयू से संबद्घ कॉलेजों में बीएड फाइनल ईयर की बैक परीक्षाएं 15 फरवरी से होंगी। विवि ने पूरा परीक्षा कार्यक्रम वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है।
विवि प्रशासन ने सभी प्राचार्यों-विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि 25 जनवरी और एक फरवरी से शुरू होने वाली बैक परीक्षाओं से शिक्षण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। कॉलेजों में शिक्षण कार्य जारी रहेगा। परीक्षा का शेड्यूल इस तरह से बनाए कि पढ़ाई जारी रहे। ब्यूरो