चौ. चरण सिंह विवि से संबद्ध कॉलेजों में एलएलबी के प्रैक्टिकल में भी सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों के शिक्षकों को परीक्षक बनाए जाने की तैयारी है। बीएड में यह प्रयोग सफल होने के बाद विवि एलएलबी प्रैक्टिकल पर भी जल्द निर्णय ले सकता है।
मेरठ और सहारनपुर मंडल में सीसीएसयू से संबद्ध एलएलबी के कॉलेजों की संख्या 100 से करीब है। अभी तक एलएलबी में एडेड कॉलेजों के शिक्षक ही प्रैक्टिकल के लिए परीक्षक बनाए जाते हैं। ऐसे में एलएलबी के प्रैक्टिकल में काफी समय लगता है। विवि सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों के शिक्षकों को भी परीक्षक बनाने पर विचार कर रहा है। इसके बाद बीएड की तरह एलएलबी का रिजल्ट भी जल्द जारी किया जा सकेगा।
पहले बीएड कॉलेजों में प्रैक्टिकल के लिए सिर्फ एडेड कॉलेजों के शिक्षक ही परीक्षक बनाकर भेजे जाते थे। सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों की संख्या अधिक होने के कारण परीक्षक बनाने में समस्याएं आती थीं। इस कारण प्रैक्टिकल लेट होते थे। विवि समय से रिजल्ट नहीं दे पा रहा था। इस संबंध में परीक्षा समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों के जिन शिक्षकों के अनुमोदन को 10 वर्ष पूरे हो चुके हैं। उन्हें परीक्षक बनाया जाएगा। तीन सौ शिक्षकों को विवि ने परीक्षक सूची में शामिल कर लिया।