जगह-जगह पर कूड़े में लगाई जा रही आग, गंभीर नहीं नगर निगम के अधिकारी
परीक्षितगढ़ रोड पर एक किमी तक कूड़े के ढेरों में आग, लोगों का निकला दुश्वार
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ रहे प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपना रखा है, लेकिन मेरठ नगर निगम की सेहत पर कोई फर्क पडता नजर नहीं आ रहा है। शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेरों में लगी आग और उठता धुआं इसकी खौफनाक बानगी पेश कर रहे हैं। मामला है कूड़ा निस्तारण का। इस बाबत नगर निगम फेल साबित हो रहा है।
एनजीटी, एनएचएआई आयुक्त और मेरठ आयुक्त की चेतावनी के बाद भी वैज्ञानिक पद्धति से कूड़े का निस्तारण नहीं हो रहा है। हालत यह है कि जगह-जगह पर कूड़े के ढेरों में आग लग रही है, जिससे हवा जहरीली होती जा रही है। वीडियो वायरल तक होने के बावजूद निगम के अधिकारी गंभीर नहीं है। लोगों का आरोप है कि जानबूझकर कूड़ा जलाया जा रहा है। शुक्रवार दोपहर परीक्षितगढ़ रोड स्थित बीएनजी स्कूल के पास करीब एक किमी तक कूड़े के ढेरों में आग लगा दी गई। करीब दो घंटे बाद फायरब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया।
शहर से रोजाना करीब एक हजार टन कूड़ा निकलता है। इसे वैज्ञानिक पद्धति से खत्म करने के लिए नगर निगम करोड़ों रुपया खर्च करता है। गांवड़ी, मंगतपुरम और अब लोहियानगर में कूड़ा डाला जा रहा है। लोहियानगर में निगम का कूड़े का प्लांट भी लगा हुआ है। एनजीटी, एनएचएआई सहित कई विभाग के अधिकारियों ने मुआयना किया, जहां पर खामियां मिली। प्लांट भी कभी चलता नहीं मिला। लोहियानगर में कूड़े के पहाड़ अब आउटर रिंग रोड भी बाधा बने हुए है। एनएचएआई और कमिश्नर की नाराजगी के बावजूद भी लोहियानगर की व्यवस्था नहीं सुधरी। लोहियानगर में कूड़े के पहाड़ में बार-बार आग लगती है और फिर घंटों बाद उसको बुझाया जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कूड़े में जानबूझकर आग लगाई जाती है।
बृहस्पतिवार को लोहियानगर में कूड़े के पहाड़ में लगी आग दस साल के बालक द्वारा बुझाते हुए वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो देखने के बावजूद भी निगम के अधिकारियों ने चुप्पी साध ली। शुक्रवार दोपहर किला परीक्षितगढ़ रोड स्थित बीएनजी स्कूल के पास कूड़े के ढेरों में आग लगा दी। करीब एक किमी तक कूड़े के ढेर हैं। जिसमें एक साथ आग लगी है। कूड़े में आग लगने से किला रोड से गुजरने वाले लोग परेशान हो गए। लोगों ने बताया कि बाइक पर सवार लोगों को धुएं के चलते रुकना पड़ा। इसके अलावा भी शहर में अलग-अलग जगह पर कूड़े के जलने के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर लोग निगम के अधिकारियों को भेजते है। कूड़े में आग के चलते हवा जहरीली होती जा रही है। प्रदूषण विभाग की रिपोर्ट जारी होने के बावजूद अधिकारी कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।
वर्जन
लोहियानगर में भी तुरंत फायरब्रिगेड को भेजकर आग बुझा दी थी। परीक्षितगढ़ रोड पर कूड़े के ढेरों में आग लगने की वीडियो देखते ही तुरंत नगर निगम और फायरब्रिगेड मौके पर पहुंच गए। आग को बुझाया गया। कूड़े में आग लगाने के मामले में एक हॉस्पिटल और एक होटल संचालक सहित 10 लोगों पर जुर्माना तक लगाया गया है। अब कूड़े में आग लगाने वालों पर एफआईआर लिखवाई जाएगी। - डॉ. हरपाल सिंह, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी