मुजफ्फरनगर, खतौली। भूमि संबंधित विवादों के संबंध में मंगलवार को एसडीएम ने सभी लेखपालों की बैठक ली। लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्रों में हो रहे भूमि विवाद की सूची तैयार कर उसे प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
तहसील सभागार में एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी ने तहसील के समस्त लेखपालों की बैठक लेकर भूमि विवाद से संबंधित जानकारी तहसील में देने को कहा। एसडीएम ने कहा कि जिस-जिस थाना क्षेत्र में भूमि से संबंधित विवाद है। उनकी जानकारी कर सूची बनाकर तहसील में जमा कराएं, जिससे समय रहते विवादों का निस्तारण कराया जा सके। छोटे-छोटे विवाद ही बड़े स्तर तक पहुंच जाते हैं, जिससे परेशानी होती है। ऐसे विवाद हत्या तक करा देते हैं। लेखपालों को निर्देश दिया कि विवादों को चिह्नित कर उसकी सूची तैयार कर तहसील में जमा कराएं। बैठक में सीओ आशीष प्रताप सिंह, तहसीलदार भगत सिंह, समेत समस्त लेखपाल मौजूद रहे।