मेरठ। लिसाड़ी गेट पुलिस ने शनिवार को जयपुर से 25 हजार के इनामी बदमाश जाकिर कालोनी निवासी मोहसिन उर्फ कतली को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। मोहसिन जयपुर में नौकरी कर रहा था। मोहसिन ने सितंबर में मदीना निवासी इलियास पर गोली चलाई थी। पुलिस काफी समय से आरोपी की तलाश कर रही थी।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मदीना कॉलोनी निवासी इलियास का एक पक्ष से काफी समय से विवाद चल रहा था। इलियास ने सितंबर 2025 में दूसरे पक्ष को फसाने के लिए मोहसिन से अपने ऊपर गोली चलवाई थी। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में लग गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि इलियास ने दूसरे पक्ष को फसाने के लिए घटनाक्रम को सुनियोजित किया है। पुलिस ने इलियास व अन्य आरोपियों को जेल भेज दिया था। वहीं 25 हजार का इनामी मोहसिन पुलिस पकड़ से दूर था। शुक्रवार रात पुलिस को जानकारी हुई कि मोहसिन जयपुर में छिपकर रह रहा है। पुलिस जानकारी मिलने के बाद जयपुर पहुंची और आरोपी मोहसिन को पकड़ लिया। पुलिस मोहसिन को लेकर थाने आ गई। रविवार को पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में न्यायालय के समक्ष पेश करेगी। एसपी सिटी का कहना है कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। रविवार को आरोपी को पेश किया जाएगा।