लिसाड़ीगेट में मंगलवार शाम एक विस्फोट हो गया। इसमें पांच बच्चे झुलस गए। वहीं शहर में अफवाह फैली कि बम फट गया। इसकी जानकारी लगते ही एलआईयू और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। हालांकि जांच पड़ताल में सुतली बम फटना बताया गया है।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ल के मुताबिक लिसाड़ीगेट के समर गार्डन में फुरकान का बेटा जैद (10) मंगलवार शाम करीब चार बजे खेल रहा था। कूडे़ में बच्चे को सुतली बम मिला। इसी दौरान जैद के पास मोहल्ले के अफजाल के बच्चे फैजान व रिहान पहुंचे। उन्होंने सुतली बम में आग लगा दी। जिस पर बहुत तेज धमका हुआ। जिसमें जैद की दो उंगली कट गई और वह बुरी तरह झुलस गया।
वहीं साहिल के बेटे फैजान, महबूब और फैजान व रिहान (अफजाल का बेटे) भी आग में झुलस गए। सूचना फैली कि लिसाड़ीगेट में बम फट गया है। इसका पता लगते ही एसओ लिसाड़ीगेट, इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल बच्चों को हापुड़ रोड स्थित जगदंबा हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जिसमें जैद की हालत गंभीर बनी है, जबकि अन्य बच्चों की हालत ठीक बताई है।
एलआईयू भी मौके पर पहुंची
एलआईयू की टीम भी जांच करने लिसाड़ीगेट में पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाका इतना तेज था कि लोगोें में अफरातफरी मच गई। लोगों के पुलिस कंट्रोल रूम में फोन घनघनाने लगे। वहीं सीओ कोतवाली ने अस्पताल में पहुंचकर भी जानकारी ली।