चुनाव में प्रयोग के लिए लाई जा रही शराब पकड़ी, पांच तस्कर गिरफ्तार
मेरठ। विधानसभा चुनाव से पहले एसटीएफ मेरठ यूनिट ने बागपत से करीब 60 लाख रुपये की शराब बरामद की है। इसका इस्तेमाल चुनाव में वोटरों को लुभाने के लिए होना था। पुलिस ने पांच आरोपी गिरफ्तार किए।
उनसे 820 पेटी शराब बरामद की गई है। आरोपी लंबे समय से हरियाणा मार्का शराब की तस्करी कर रहे थे। यह शराब सोनीपत से लाई जा रही थी। ट्रक में लोहे का जाल बनाकर जीरे की भूसी व मुरमुरेके कट्टे लादकर शराब को छिपाया गया था।
एएसपी एसटीएफ बृजेश सिंह ने बताया कि हरियाणा से आसपास केे जिलों में शराब की तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं। रविवार सुबह सूचना मिली कि एक ट्रक में शराब की बड़ी खेप आ रही है। टीम ने बागपत-मेरठ रोड स्थित पिलाना तिराहे के पास ढिकौल-चांदीनगर रोड पर चेकिंग शुरू कर दी। एक ट्रक और कार दिखने पर रुकने का इशारा किया तो चालक वाहन छोड़कर भागने लगे। घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। आरोपियों के पास 820 पेटी शराब (ओल्डमोंक रम), 10 टायरा ट्रक, कार, पांच मोबाइल, जीरे की भूसी और मुरमुरों के 75 कट्टे बरामद हुए। आरोपियों ने बताया कि चुनाव में खपत के लिए शराब को तस्करी कर लाया जा रहा था। आरोपियों ने बताया कि इस खेप के प्रयोग के बाद आगे की खेप पहुंचाई जानी थी। वेस्ट यूपी के बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर सहित अन्य जिलों में इस शराब का प्रयोग होना था।
---
गिरफ्तार किए गए आरोपी
1. पवन कुमार निवासी सुभानपुर थाना चांदीनगर बागपत
2. सचिन यादव निवासी सुराणा थाना मुरादनगर गाजियाबाद
3. ऊधम सिंह निवासी सिसाना थाना खरखौदा, सोनीपत, हरियाणा
4. दीपक निवासी गढ़ी सिसाना थाना सोनीपत, हरियाणा
5. अमित निवासी गढ़ी सिसाना थाना खरखौदा, सोनीपत, हरियाणा