मेरठ। 33 केवी अंडरग्राउंड केबल के कटने से शनिवार को शारदा रोड और बिजली बंबा बाईपास बिजलीघर की बत्ती पांच घंटे तक गुल रही। इसके चलते क्षेत्र के करीब तीस हजार उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली कर्मियों को भी फाल्ट ढूंढने में करीब एक घंटे से ज्यादा का समय लगा।
दिल्ली रोड पर चल रहे रैपिड रेल कार्य के चलते एनसीआरटीसी ने ओवरहेड विद्युत लाइनों को हटाकर अंडर ग्राउंड किया है। शनिवार शाम करीब चार बजे बीएसएनएल द्वारा कराए जा रहे केबल कार्य के चलते रिठानी के पास शारदा रोड और बिजली बंबा बाईपास बिजलीघर के लिए आ रहा 33 केवी का केबल कट गया। इसके चलते दोनों बिजलीघरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। बिजली कर्मियों ने फाल्ट तलाशने के लिए पेट्रोलिंग की तो घंटों तक फाल्ट नहीं मिला। शाम करीब सवा पांच बजे रिठानी के पास केबल में फाल्ट मिला तो इसे ठीक कराने के लिए टीम लगाई गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद कटा केबल जोड़कर बिजली आपूर्ति रात करीब नौ बजे बहाल की जा सकी। अधिशासी अभियंता जागेश कुमार ने बताया कि रिठानी में 33 केवी अंडरग्राउंड केबल कटने से बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। फाल्ट ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई।